सोनभद्र। विश्व शौचालय दिवस सोमवार को जिले भर में मनाया गया। इस मौके पर जगह-जगह रैली निकाली गई। प्राथमिक विद्यालय बभनौली में बच्चों ने शौचालय पर नाटक प्रस्तुत किया। कलेक्ट्रेट में डीएम ने 116 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, सचिवों और एडीओ पंचायतों के साथ उन्मूखीकरण कार्यशाला में हिस्सा लिया। उन्हें जल्द शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराने और गांवों में सामूहिक सफाई कराने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट में हुए कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि निगरानी टीम को पुन: शुरू किया जाए और जिले के ग्राम पंचायतों को सामूहिक सफाई अभियान के द्वारा साफ कर एक मिसाल कायम की जाए। विश्व शौचालय दिवस के मौके पर ओडीएफ क्लीनिक भी लांच किया गया। इसमें लाभार्थी स्वयं यह देख कर बताएगा कि उसका शौचालय कैसा बना है। शौचालय में क्या कमियां हैं। कहा कि एक ऐसे गांव की कल्पना की जाए, जहां कहीं भी खुले में शौच न दिखाई दे। पहले गांवों में रास्ते पर, तालाबों के भीटे पर गंदगी का अंबार था, अब वह नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर सामुदायिक शौचालय एवं कूड़ेदान का निर्माण कराना है। डीएम ने कहा कि ग्राम प्रधान एवं सचिव गांव के लोगों को कोई भी प्रमाण पत्र निर्गत करने से पहले उनसे लिखित प्रमाण पत्र ले लें कि वह और उनका पूरा परिवार शौचालय का प्रयोग करता है या नहीं। बैठक में डीपीआरओ आरके भारती, सभी एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान मौजूद रहे। उधर विश्व शौचालय दिवस पर सदी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बहुअरा में बच्चों को शौचालय उपयोग के बारे मे बताया गया। बभनौली में बच्चों ने शौचालय दिवस पर नाटक प्रस्तुत किया। इसके जरिए खुले में शौच न करने व शौचालय का उपयोग करने के बारे मे बताया। यहां प्रधानाध्यापिका शायदा बानो, अध्यापिका विनिता गौतम, शिक्षामित्र पूनम सिंह मौजूद रही। घोरावल ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय बिसरेखी के बच्चों के बच्चों ने जागरूकता निकाली और गांव में नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया। यहां प्रधानाध्यापक कौशर जहां सिद्द्की, अध्यापक राम प्रसाद, अमीन गजला अख्तर, परमशीला मौजूद रहीं। शाहगंज: इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल ओड़हथा के बच्चों ने बैनर और पोस्टरों का निर्माण स्वच्छता अभियान के तहत किया। साथ ही रैली निकाली। रैली का शुभारंभ प्रधान भोला नाथ पटेल और बीईओ उदय चंद राय ने किया। यहां प्रधानाध्यापिका अमृता सिंह, नुसरत फातिमा, रेनुका, अभिषेक केजरीवाल मौजूद रहे। बभनी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय छिपिया स्कूल मे बच्चों ने शौचालय दिवस पर जागरुकता रैली निकाली।