सोनभद्र। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का मुख्य लक्ष्य उन किसानों को लाभांवित करना है, जिनके पास कृषि के लिए भूमि नहीं है। लेकिन जिले में योजना की प्रगति धीमी है। इस नाते पात्रों तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। डीएम ने सभी एसडीएम को अविलंब पात्रों का चयन कर रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया है, अन्यथा उनका, तहसीलदार समेत अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत जिले के भूमिहीन किसानों का चयन करना है। राबर्ट्सगंज, घोरावल और तहसील के एसडीएम ने सभी लेखपाल, कानूनगो को अपने-अपने क्षेत्र के भूमिहीन किसानों को चिह्नित कर सूची मुहैया कराने का निर्देश दिया है। इसकी मानीटरिंग तहसीलदार, नायब तहसीलदार कर रहे हैं, लेकिन अधिकांश लेखपालों ने अभी तक पात्रों का चयन कर अधिकारियों को रिपोर्ट मुहैया नहीं कराया है। इस नाते प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। डीएम पीके उपाध्याय ने तीनों एसडीएम को चेतावनी देते हुए शीघ्र पात्रों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सदर एसडीएम राजकुमार ने बताया कि तेजी से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत भूमिहीन किसानों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। लेखपालों और कानूनगो को तत्काल पात्रों की सूची मांगी गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत चयनित किसानों का सड़क दुर्घटना या आग लगन सेे मौत होती है तो उनके आश्रितों को दो लाख रुपये का बीमा का लाभ मिलेगा।