नगवां ब्लॉक के रामपुर बरकोनिया गांव के कार्यों में हुई गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठने लगी है। बुधवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत सदस्य नागेश्वरी फूलमत एवं शांति देवी की अगुवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने कार्यों में गड़बड़ी के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि गांव में हो रहे विकास कार्यों में लंबे समय से गड़बड़ी कार्यदाई संस्था के स्तर से की जा रही है। खासकर शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास निर्माण, मनरेगा कार्य, चौदहवां वित्त, राज्य निधि खाते के कार्यों में जमकर मनमानी की गई है। बताया कि स्थानीय स्तर पर कई बार एतराज जताया गया, लेकिन संजीदगी नहीं दिखाई गई। प्रधान का पावर तत्काल प्रभाव से सीज करने, खाता संचालन पर रोक लगाने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराने के साथ ही प्रशासनिक समिति का गठन किया जाए ताकि पारदर्शी तरीके से कार्य कराए जा सकें।