करमा/विढ़मगंज/ सागोबांध। रविवार का दिन विभिन्न क्षेत्रों के कई किसानों के लिए आफत बनकर आई। खलिहान में काटकर रखा लाखों रुपये का धान रहस्मय परिस्थिति में आग की लपटों से जलकर राख हो गया। हालांकि किसानों और ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके। सूचना के बाद भी मौके पर दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंची। इस आगजनी की घटना ने किसानों का निवाला छींनकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार करमा थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में रविवार को खलिहान में आग लग गई। आग से हजारों का धान और पुआल राख हो गया। कड़ी मशक्कत कर दमकल कर्मियों ने आग बुझाया। पीड़ित किसान सुरेश सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। दोपहर करीब 12 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में धौरहरा गांव निवासी सुरेश सिंह की खलिहान में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण किया तो लोगों को जानकारी हुई। किसान ने सौ नंबर पर आग लगने की सूचना दी। ग्रामीणों ने डिब्बे-बाल्टी से आग बुझाना शुरू किया। सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद मौक पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह से बुझाया। आग से खलिहान के समीप ग्राम सभा से लगाई गई सोलर लाइट भी जल गई। सुरेश सिंह ने बताया कि आग से करीब दो बिगहे का धान और आठ बिघे का पुआल जल गया है। उन्होंने कहा कि संभावना है कि खलिहान के पास से गुजर रहे बिजली के तारों में शार्टसर्किट होने से आग लगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग किया है। इसी तरह से विढ़मगंज के धरती डोलवा ग्राम पंचायत में रविवार की सुबह पिपरहवा बांध के पास मुरली धांगर के खलिहान में कटकर रखी करीब 80 बोझ धान की फसल जल गई। प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र पासवान ने आनन-फानन में जेसीबी मशीन मंगाकर जलते हुए धान के बोझा को इधर-उधर कराया तब तक काफी नुकसान हो चुका था। सुरेंद्र ने बताया कि मुरली धांगर अपने और रेहन पर दिये गए खेत से धान की फसल काटकर खलिहान में रखा था। संदिग्ध परिस्थितियों में खलिहान में आग लग गई। सागोबांध संवाददाता के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुदरी ग्राम में रविवार की सुबह जेइ साव के घर के पास खलिहान में लगी आग से धान की तीन बीघा फसल, पंपिंग सेट एवं पाइप जलकर राख हो गया। अगलगी को देख पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह से आग पर काबू पाया। अलसुबह पांच बजे घर से करीब 80 मीटर दूर स्थित खलिहान में अचानक आग लगी। अगलगी की घटना की जानकारी के बाद पास-पड़ोस एवं गांव-घर के लोग इकट्ठे हो गए और बाल्टी, डिब्बा से पानी लाकर आग बुझाने लगे। म्योरपुर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दिया, किंतु गाड़ी नहीं आई। इसकी वजह से जब तक लोग आग बुझाते तब तक समूची फसल जल गई। पीड़ित ने हल्का लेखपाल राज कुमार मिश्रा को सूचना देकर उचित मुवावजा की मांग की है।