सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली के बभनौली गांव में मंगलवार को मुर्गों से लदी एक पिकअप स्कूटी में धक्का मारते हुए पलट गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार रिटायर इंजीनियर तेजबली सिंह (61) की मौत हो गई। जबकि पिकअप का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा। यहां से डॉक्टर ने खलासी को बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
सुबह करीब छह बजे बभनौली गांव में राजमार्ग पर मुर्गों से लदी दो पिकअप ओवरटेक करने लगी। इस दौरान अनियंत्रित होकर एक पिकअप पीछे से स्कूटी में टक्कर मारते हुए सड़क के किनारे पानी में पलट गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार राबट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिच्छी गांव निवासी तेजबली सिंह की मौके पर मौत हो गई। वहीं पिकअप का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि पिकअप को छोड़ कर चालक फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दारोगा प्रदीप मिश्रा ने गंभीर रूप से घायल खलासी को जिला अस्पताल भेजने के साथ ही शव को पीएम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजा। दुर्घटनाग्र्रस्त वाहनों को कोतवाली ले जाया गया। जिला अस्पताल में दोपहर बाद पुलिस ने शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घर से तेजबली स्कूटी लेकर टहलने के लिए निकले थे।