सोनभद्र। केंद्रीय रेल एवं दूर संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और गृहमंत्री राजनाथ के गृह क्षेत्र चकिया से जल्द ही सोनभद्र रेलमार्ग से जुड़ जाएगा। अहरौरा, चकिया, राबर्ट्सगंज नए रेल मार्ग के निर्माण के लिए सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है। जल्द ही रेलवे लाइन बिछाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। रेलवे पटरियों के दोहरीकरण के कार्य में तेजी लाई जाएगी।
राबर्ट्सगंज ब्लॉक के आमडीह गांव में बहन के घर रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने के लिए आए राज्यमंत्री ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि सोनभद्र के कुछ इलाकों में रेल पटरियों के विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। उन्हें जानकारी मिली है कि यह कार्य काफी धीमी गति से हो रहा है। इसे तेज कराया जाएगा। कहा कि दूर संचार के क्षेत्र में जिले में कार्य कराने की जरूरत है। केंद्र सरकार ने ग्राम पंचायतों को दूर संचार सेवा से जोड़ने के लिए योजना तैयार की है। इस योजना के तहत जिले के गांव भी जुड़ेंगे। जिन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब भी बीएसएनएल नेटवर्क की समस्या है, वहां टावर लगवाए जाएंगे और नेटवर्क की आए दिन होने वाली समस्या से उपभोक्ताओं को निजात दिलाई जाएगी। भाजपा नेताओं ने उन्हें बताया कि दूर संचार विभाग और पोस्ट आफिस का मुख्य कार्यालय जिले में नहीं है। किसी भी जरूरी कार्य के लिए यहां के लोगों को मिर्जापुर जाना पड़ता है। मंत्री ने हा कि जल्द ही बीएसएनएल और पोस्टआफिस का मुख्य कार्यालय सोनभद्र में खोला जाएगा। इस मौके पर सांसद छोटेलाल खरवार, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, राजकुमार यादव, विकास राय, दूर संचार के मोिर्जापुर क्षेत्र एके जीएम जीएल गौतम, एसडीएम सदर वशिाल यादव, अनपरा के एसडीओ केपी सिंह मौजूद रहे।