बभनी। बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर पिपराखाड़ पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को अनियंत्रित पिकअप पलट गई। हादसे में पिकअप सवार 16 बराती घायल हो गए। आठ की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुद्धी के नौडिहा से बरात लेकर पिकअप छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर की ओर जा रही थी। पिपराखाड़ पेट्रोल पंप के पास अचानक सामने से आए ट्रक से बचने में पिकअप पलट गई। हादसे में नौडिहा निवासी राजेंद्र प्रसाद (45), महादेव (55), शिवलोचन (46), संजय कुमार (27), हीरालाल (55), रामलखन (60), कैलाश (40), रामजीत (45), रामदास (45), धनीलाल (40), डूभा निवासी अमृतलाल (35), कुदरी निवासी रजउ (60), जगदीप (40), रामलोचन (35), खैरटिया निवासी विजय कुमार (35) समेत 16 लोगों को चोट आई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बभनी सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. राजन सिंह ने बताया कि आठ लोगों को गंभीर चोट आई है। उनके हाथ, पैर में फ्रैक्चर है और सीने में चोट लगी है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
000
स्कूल बस पेड़ से टकराई, चार बच्चे घायल
कोन। ग्राम पंचायत मिश्री में बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पीपल के पेड़ से टकरा गई। इसमें चार बच्चे घायल हो गए।
कोन बाजार स्थित एक निजी स्कूल की बस बच्चों को घर पहुंचाने के लिए निकली थी। थाना क्षेत्र के मिश्री ग्राम पंचायत में रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो दिया। इससे बस पीपल के पेड़ से टकरा गई। इसमें चार बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।