सोनभद्र। जिले में जल संरक्षण की दिशा में प्रशासन ने कदम उठाया है। इसके तहत जिले भर मे करीब 15 हजार निर्माण कार्य होने हैं। राजस्थान में पानी संचयन के लिए बनने टांका की तरह जिले में भी पांच हजार टांका निर्माण का लक्ष्य निर्धारित है। शनिवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में सदर विधायक भूपेश चौबे, डीएम अंकित कुमार अग्रवाल, सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी ने संयुक्त रूप से मॉडल टांका का शिलापट्ट का अनावरण किया।
इस मौके पर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि जल संरक्षण वास्तव में मानव संरक्षण है। जिले में जल संरक्षण के लिए पोखरों, तालाबों के साथ ही जल संरक्षण इकाई टांका का अधिकाधिक निर्माण कराकर वर्षा के पानी को ज्यादा से ज्यादा संरक्षित किया जायेगा। एक लाख 25 हजार रुपये की लागत से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय राबर्ट्सगंज परिसर में बने टांका के लोकार्पण के दौरान जमकर बारिश भी हुई। यहां सीडीओ और डीपीआरओ आरके भारती ने सोन जन संजीवनी अभियान में वर्षा जल संचयन के लिए टांका का निर्माण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डीएम, सीडीओ ने टांका निर्माण, जल संचयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यहां लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर उप निदेशक पंचायत एके शाही, बीडीओ डॉ. प्रभात कुमार, ग्राम प्रधान विमलेश सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।