सोनभद्र। जनप्रतिनिधि व अधिकारी समन्वय के साथ एक होकर जनता की सेवा करें, तभी नागरिकों का भला होगा। जनप्रतिनिधियो के सुझाव को अधिकारी सर्वोंच्च प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं में शामिल करें और जनता के शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यह बातें जिले की प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री भूतत्व एवं खनिकर्म, आबकारी व मद्यनिषेध विभाग अर्चना पांडेय ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल मेें विकास कार्यक्रमों व कानून व्यवस्था आदि की समीक्षा बैठक करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि जिले को अति पिछड़ा की श्रेणी से बाहर करने के लिए और मेहनत कर विकास कार्य कराने की जरूरत है। पेयजल समस्या का समाधान किाया जाय, बेहतर जन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही भारत व प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्रों तक पहुंचाएं। कानून व्यवस्था, जिला योजना, ओडीएफ, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, पं. दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, प्रधान मंत्री सिंचाई योजना, आयुष्मान भारत आदि योजनाओं की समीक्षा की। जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश सिंह पटेल, सदस्य विधान परिषद चेतनारायण सिंह, सदर विधायक भूपेश चौबे, विधायक घोरावल डॉ0 अनिल मौर्य, विधायक दुद्धी हरीराम चेरो़, मिर्जापुर के छानवे विधायक राहुल कोल, भाजपा काशी प्रांत के उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, अध्यक्ष अपना दल (एस) सत्यनारायण पटेल आदि ने रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल, एसपी सलमान ताज पाटिल, सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार सिंह, सीएमओ एसपी सिंह, एसडीएम सदर यमुनाधर चैहान, डीडीओ आरबी त्रिपाठी, डीएसओ राकेश तिवारी, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, जिला कृषि अधिकारी पियूष राय, डूडा के पीओ वीके निगम आदि मौजूद रहे।