सिंगरौली। रेल के माध्यम से कोयला परिवहन बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम करते हुए एनसीएल ने बुधवार को एक महीने के अंदर तीसरी नई वॉर्फवॉल की शुरूआत की है।
मुख्य अतिथि एनसीएल सीएमडी पी के सिन्हा व विशिष्ट अतिथि निदेशक गुणाधर पाण्डेय, निदेशक पी एम प्रसाद, एनटीपीसी रिहंद के मुख्य महाप्रबंधक ए के मुखर्जी और सीएमओएआई के सचिव सर्वेश सिंह ने संयुक्त रूप से नई वॉर्फवॉल का शुभारंभ किया। सीएमडी सिन्हा ने कहा कि एनसीएल प्रबंधन तेजी से प्रयास कर रहा है और निगाही, झिंगुरदा एवं अमलोरी में एक महीने के अंदर तीन वॉर्फवॉल शुरू करने के बाद एनसीएल का लक्ष्य जल्द से जल्द खडिय़ा क्षेत्र में नई वॉफवॉल शुरू करने का है। कार्यक्रम में निदेशक गुणाधर पाण्डेय, निदेशक पी एम प्रसाद, एनटीपीसी रिहंद के मुख्य महाप्रबंधक ए के मुखर्जी, सीएमओएआई के सचिव सर्वेश सिंह ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये। अमलोरी के परियोजना महाप्रबंधक जी पी द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस अवसर पर एनसीएल के विभिन्न कोयला परियोजनाओं व मुख्यालय के महाप्रबंधकों एवं विभागाध्यक्षों सहित अमलोरी क्षेत्र के विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहें।