सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर टोल प्लाजा से होकर गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों का अब ऑनलाइन चालान होगा। इसको लेकर परिवहन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर वाराणसी देवेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को लोढ़ी में टोल प्लाजा के पास वाहनों की सघन जांच की। उन्होंने टोल प्लाजा से प्राप्त ओवरलोड वाहनों की सूची के आधार पर 30 वाहनों का चालान कर दिया और 125 अन्य वाहनों के ऑनलाइन चालान का निर्देश दिया।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत चलाए जा रहे जागरूकता अभियान सीट बेल्ट, हेलमेट की चेकिंग तथा ओवरलोड एवं डग्गामार वाहनों की चेकिंग की कार्रवाई की निगरानी के लिए उप परिवहन आयुक्त वाराणसी देवेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को जिले का दौरा किया। उन्होंने लोढ़ी में बुधवार की सुबह वाहनों की जांच की। इस दौरान ट्रक चालकों में अफरातफरी रही। जांच के बाद उन्होंने लोढ़ी टोल प्लाजा से पिछले 24 घंटे में ओवरलोड निकली ट्रकों की सूची प्राप्त की। उन्होंने बताया कि इसमें से 30 वाहनों का चालान पाया गया। शेष 125 से अधिक वाहन ऐसे मिले जो ओवरलोड पास हुए लेकिन उनका चालान नहीं किया जा सका।
इस पर उन्होंने ऐसे ओवरलोड वाहनों को टोल प्लाजा की सूची के अनुसार ऑनलाइन चालान करने का निर्देश एआरटीओ को दिया। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा से निर्धारित क्षमता से अधिक ओवरलोड पार हुई ऐसी गाड़ियों का जिनका चालान नहीं हो सका है, का ऑनलाइन चालान करने का निर्देश दिया गया है। यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक दिवस ओवरलोड संचालित ट्रकों का नियमित चालान किया जाए तथा वाहन की परमिट निरस्त की कार्रवाई के लिए धारा 86 के तहत अभियोग पत्र बना कर भेजे जाएं।