रेणुकूट। नगर परिक्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती से लोगों में आक्रोश है। बीते एक सप्ताह से लगातार हो रही विद्युत कटौती से लोग बिलबिला उठे हैं। सोमवार की रात कटे विद्युत का आपूर्ति बहाली करीब 14 घंटे बाद हुआ।
रविवार की रात नौ बजे गायब बिजली का दर्शन सोमवार सुबह 11.30 बजे हुआ। रहवासियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से नगर की विद्युत व्यवस्था एकदम चरमरा गई है। बीते मंगलवार को जहां दिनभर बिजली गायब रही वहीं बुधवार को छह घंटे तक लोगों को बिजली का इंतजार करना पड़ा। बिना रोस्टर के इस भीषण गर्मी में अघोषित विद्युत कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पारा जहां रिकॉर्ड तोड़ रहा है वही बिजली विभाग की लापरवाही से नगरवासी परेशान हो गए हैं।
इस भीषण गर्मी में अत्यधिक तापमान के कारण कूलर, पंखे काम नहीं कर रहे हैं वहीं दिन भर बिना बताए विद्युत कटौती लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। रविवार को दिन भर नगर के कई मुहल्लों में एक फेस गायब रहा वही रात होते-होते विभाग की लापरवाही का कोपभाजन सारे नगरवासियों को बनना पड़ा। रात करीब नौ बजे कटी बिजली का कारण पूछने के लिए लोगों ने विभाग के जेई से मोबाइल फोन पर संपर्क किया उन्होंने पहले तो पावर हाउस से बिजली काटे जाने की बात कह एक घंटे में आपूर्ति बहाल होने का आश्वासन दिया।
रात 12 बजते बजते गर्मी से बिलबिलाए लोगों ने दोबारा जेई से कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि फाल्ट का पता नहीं चल पा रहा है। लोगों का आरोप है कि एक तो बिना बताए बिजली विभाग के अधिकारी विद्युत आपूर्ति ठप कर देते हैं वहीं इस बाबत पूछे जाने पर सीधा जवाब नहीं देते। बताया कि जब से नए जेई ने इलाके का कार्यभार संभाला है तबसे विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। बिना कारण बताए घंटो घंटो तक आपूर्ति ठप कर दिया जा रहा है। जिस कारण सबमर्सिबल पंपों से जहां लोग पानी नहीं भर पा रहे हैं वहीं घरों के इनवर्टर भी जवाब दे दे रहे हैं जिससे लोगों को रात रात भर घर के बाहर बिताना पड़ रहा है। इस बारे में अवर अभियंता अविनाश श्रीवास्तव मैं बताया कि पावर हाउस के पीछे जंगल में तार टूट कर गिर गए थे रात में अंधेरा और घना जंगल होने के कारण काम नहीं हो पाया जिसे सोमवार दोपहर तक पूरा कर लिया गया उन्होंने बताया कि पावर हाउस में नगर को आपूर्ति बहाल करने वाले फीडर की सीटी जल गई है जिसे अभी तक नहीं बदला जा सका है उसी कारण ऐसी समस्याएं आ रही हैं जिसे जल्द ही ठीक करा लिया जाएगा। रेणुकूट व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि बिजली विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता है और विद्युत आपूर्ति सुचारू ढंग से नहीं संचालित करता है तो नगरवासी सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होंगे।