सोनभद्र। जिले में आम के अधिकांश व्रिक्रेता कार्बाइड और चाइनीज पुडिय़ा में रखी दवाओं से आम पका रहे हैं। जो सेहत के लिए काफी नुकसानदायक है। सच्चाई से परे ग्राहक रुपये देकर आम के साथ ही बीमारी खरीद रहे हैं। कार्बाइड और चाइनीज पुड़िया से पकाए गए आम का सेवन करने से पेट समेत अन्य बीमारी हो रही है।
जिले का अधिकांश क्षेत्रफल पहाड़ी और जंगलों से आच्छादित है। इस नाते आम कम फलता है। सर्वाधिक लंगड़ा और छोटे आम ही मिलते हैं। जिले मेें कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी समेत अन्य जिलों से आम की खेप पहुंच रही है। फल के कई बड़े व्यापारी कार्बाइड और चाइनीज पुड़िया से आम को पका कर छोटे-छोटे व्यापारियों को बेच रहे हैं। बाजार में इन दिनों दशहरी, चौसा आम 60 रुपये प्रति किग्रा और लंगड़ा एवं गुलाब खास 80 रुपये प्रति किग्रा, देशी आम 30 से 40 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा है। दुकानदार ग्राहकों को पेड़ों में पके आम होने का दावा करते हुए बेच रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि अधिकांश आम दवाओं से पकाकर बेचा जा रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीबी गौतम कहते हैं कि पेड़ों में पके आम का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है। कार्बाइड और चाइनीज पुड़िया से पकाए गए आम का सेवन करने से पेट में गैस समेत अन्य बीमारियां होती हैं।