सोनभद्र। जिले मेें सात केंद्रों पर रविवार को पालीटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा हुई। प्रथम पाली में सभी केंद्रों एवं दूसरी पाली में दो केंद्रों पर परीक्षा हुई। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने सात अधिकारियों को कार्यपालक स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप मेें तैनात किया था। केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। दोनों पालियों की परीक्षा में 3818 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, लेकिन किन्हीं कारणवश 656 बच्चें परीक्षा में शामिल नहीं हो सकें।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा ढाई बजे से साढ़े पांच बजे तक हुई। प्रथम पाली में राजकीय महिला विद्यालय छपका, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, संत जेवियर्स हाईस्कूल, डीएवी सीनियर सेकेंड्री स्कूल सहिजन, जय ज्योति इंटर कॉलेज चुर्क, स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल चुर्क में 3214 परीक्षार्थियों को उपस्थित होना था, लेकिन 528 बच्चें परीक्षा देने नहीं पहुंचे। द्वितीय पाली में जय ज्योति इंटर कॉलेज चुर्क और हरसेवानंद पब्लिक स्कूल चुर्क में परीक्षा हुई, इसमें 604 परीक्षार्थियों को परीक्षा देने पहुंचना था, लेकिन 127 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। जोनल मजिस्ट्रेट सदर एसडीएम यमुनाधर चौहान को बनाया गया था। जिला विद्यालय निरीक्षक, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिलापूर्ति अधिकारी और तहसीलदार को कार्यपालक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने केंद्रों के परीक्षा कक्षों में भ्रमण करते रहे। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एएसपी ओपी सिंह, सिटी सीओ अभिषेक सिंह केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।