सोनभद्र। राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज लोढ़ी में बृहस्पतिवार को वोटों की गिनती होगी। जिला प्रशासन ने मतगणना कराने की समुचित व्यवस्था कर ली है। ईवीएम से मतों की गणना कर उसमें कैद 12 प्रत्याशियों के भाग्य फैसला होगा। इसके साथ ही तय होगा कि कौन बनेगा क्षेत्र का सांसद।
बताते चलें कि ईवीएम में भाजपा-अपना दल प्रत्याशी पकौड़ी कोल, सपा के भाईलाल कोल, इंडियन नेशनल कांग्रेस के भगवती प्रसाद चौधरी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की रूबी प्रसाद, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के अशोक कुमार कन्नौजिया, जनता दल (यूनाइटेड) के अनीता कोल, भारतीय लोकमत राष्ट्रवादी पार्टी के अनुज कुमार कन्नौजिया, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कैलाश नाथ, ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (रेडिकल), एसआर दारापुरी, भारत प्रभात पार्टी के सुनील कुमार, निर्दल उम्मीदवार प्रभुदयाल और विद्या प्रकाश कुरील का किस्मत कैद है।
बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से घोरावल, राबट्र्सगंज, ओबरा और दुद्धी विधान सभा क्षेत्र के वोटों की गिनती शुरू होगी। सभी विधान सभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती 14-14 टेबल पर अलग-अलग कमरे में की जानी है। पारदर्शी ढंग से वोटों की गिनती कराने के लिए सभी मतगणना कक्ष में तीन-तीन वीडियो कैमरे में भी लगाए गए है। सुबह छह बजे तक सभी मतगणना कर्मियों को मतगणनास्थल पर पहुंच कर अपने-अपने एआरओ को रिपोर्टिंग करनी है। निर्धारित समयसीमा के भीतर न पहुंचने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उनके स्थान पर रिजर्व रखे गए कर्मियों को वोटों की गिनती करने के लिए लगाया जाएगा।