सोनभद्र। राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज लोढ़ी परिसर के बाहर सपा-बसपा महागठबंधन के कार्यकर्ता धरने पर बैठ कर ईवीएम की रखवाली कर रहे हैं। दो दिनों से कार्यकर्ता बारी-बारी से धरना दे रहे हैं। बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव धरने पर बैठे रहे। वोटों की गिनती समाप्त होने के बाद धरना खत्म करेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि यूपी के विभिन्न जिलों में ईवीएम बदलने का प्रयास किया गया। इसकी जानकारी होने पर सोमवार की रात से ही वे लोग मतगणनास्थल के बाहर धरना दे रहे हैं। क्योंकि कालेज के अंदर बने स्ट्रांग रूमों में ईवीएम रखी गई है। कहा कि उन लोगों की आशंका है कि यहां पर भी ईवीएम बदल कर भाजपा-अद गठबंधन के उम्मीदवार को जीताने का प्रयास किया जा सकता है, इसलिए उन लोगों ने निर्णय लिया है कि जब तक वोटों की गिनती समाप्त न हो जाती तब तक वे लोग बारी-बारी से धरने पर बैठे रहेंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि प्रशासन की मंशा साफ नहीं दिख रही है, इसलिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन वोटों की गिनती कराए। रमेश यादव आदि मौजूद रहे। उधर मंगलवार की रात में भी कार्यकर्ता सोए नहीं और रखवाली करते रहे।