शक्तिनगर। कोयला उत्पादन एवं प्रेषण डिस्पैच सहित कंपनी को दिए गए सभी लक्ष्यों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रही भारत सरकार की मिनी रत्न एनसीएल के खड़िया कोयला क्षेत्र के महाप्रबंधक मनोज कुमार प्रसाद का चयन कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी एसईसीएल के निदेशक तकनीकी पद के लिए हुआ है।
लोक उद्यम चयन बोर्ड ने बुधवार को एम के प्रसाद के नाम की अनुशंसा इस पद के लिए की। एनसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक सीएमडी पी के सिन्हा एवं निदेशक मंडल ने एम के प्रसाद को बधाई दी। ओपनकास्ट एवं अंडरग्राउंड कोल माइनिंग के क्षेत्र में 33 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले एम के प्रसाद एनसीएल में खड़िया कोयला क्षेत्र से पहले दुधीचुआ और बीना कोयला क्षेत्रों के महाप्रबंधक रह चुके हैं और उनकी कार्यअवधि में इन कोयला क्षेत्रों ने उत्पादन एवं उत्पादकता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की।