विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के घिबही ग्राम पंचायत में रेलवे लाइन पर बुधवार को छह घंटे तक निर्माण कार्य कराया गया। इसके लिए रेल यातायात ठप कर दिया गया था। ट्रेनों को रेणुकूट और दुद्धी स्टेशन पर खड़ा कर दिया गया था। रेल परिवहन बंद कर अंडर ग्राउंड पुलिया का निर्माण कार्य कराया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग रीवा-रांची पर स्थित घिबरी ग्राम पंचायत के रेलवे फाटक पर बुधवार को रेल लाइन को मेगा ब्लॉक करके सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर बाद ढाई बजे तक रेल का परिवहन बंद कर पुलिया का निर्माण तेज गति कराया गया। गढ़वा रोड जंक्शन से चोपन तक बन रहे इलेक्ट्रिक लाइन के मद्देनजर रेल लाइन का दोहरीकरण करने के दौरान जगह-जगह पुलिया का निर्माण तेज गति से चल रहा है। विंढमगंज स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि बुधवार को विद्युतीकरण के दौरान हो रही दोहरी रेल लाइन में घिबही रेलवे गेट के पास मेगा ब्लॉकेज करके अंडरग्राउंड पुलिया का निर्माण ठेकेदार ने कराया। इससे शक्तिपूंज एक्सप्रेस व पैसेंजर एक्सप्रेस को दुद्धी नगर व रेणुकूट में रोक दिया गया। रेलवे के उच्चाधिकारियों ने कंट्रोल रूम से आदेश जारी कर रेल लाइन को ब्लॉक किया था। रेलवे के अंदर ग्राउंड पुलिया बन जाने के बाद रेल यातायात शुरू हो गया।