विंढमगंज । गंगा की स्वच्छता व अविरलता की मांग को लेकर हरिद्वार में भख हड़ताल पर बैठे स्वामी ज्ञान स्वरूप सानंद के समर्थन में मंगलवार को कांवरियों ने विंढमगंज में प्रदर्शन कर शासन प्रशासन को चेताया।
बोल बम कांवरिया संघ और सन क्लब सोसाइटी के बैनर तले युवाओं ने सुभाष तिराहे पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान स्वामी जी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ है, गंगा को बहने दो हमें जिंदा रहने दो, स्वामी जी के संग में गंगा के जंग में समेत तरह-तरह के नारे लगाए गए। सन क्लब सोसाइटी के अध्यक्ष अधिवक्ता रमेशचंद्र ने कहा कि सरकार गंगा की सफाई पर लाखों रुपये खर्च करने की बात कह रही है, वहीं उसकी स्वच्छता व अविरलता खत्म होती जा रही है। जिसे बचाने के लिए स्वामी ज्ञान स्वरूप हरिद्वार में बीते 52 दिनों से सत्याग्रह आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं लेकिन उत्तराखंड की सरकार ध्यान नहीं दे रही है। प्रदर्शनकारियों ने गंगा को स्वच्छ करने के लिए नया कानून बनाए जाने की भी मांग की। यहां प्रभात कुमार, विवेक कुमार केशरी, उदय जायसवाल, सुमन कुमार गुप्ता, अमित कुमार केशरी, संजीत गुप्ता, राजू रंजन तिवारी, गगन गुप्ता, अजीत गुप्ता, किशोर पटवा, प्रेम शंकर, राकेश कुमार, मुकेश, महेंद्र, जितेंद्र, राजाराम, आनंद आदि रहे।