म्योरपुर। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, म्योरपुर हवाई पट्टी को हवाई अड्डे का रूप देने के लिए तेजी से लगा हुआ है। इसके लिए भूमि हस्तानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंगलवार को इसको लेकर प्रशासनिक टीम और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लोगों के बीच बैठक भी हुई। इस दौरान भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्णय लिया गया। बताया जा रहा है कि जमीन हस्तांतरण होते ही हवाई अड्डे के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
मंगलवार को म्योरपुर पहुंचे एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के असिस्टेंट मैनेजर संतोष कुमार ने हवाई अड्डे के लिए प्रस्तावित एरिया का जायजा लिया। इसके बाद वन विभाग की 3.6202 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तानांतरण के सिलसिले में एसडीएम विशाल यादव और प्रभागीय वनाधिकारी रेणुकूट के साथ हवाई पट्टी पर ही गहन मंत्रणा हुई। इस दौरान भूमि हस्तानांतरण की फाइल आदि तैयार की गई। बताया कि जल्द ही जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। बताते चलें कि बीते एक जुलाई को बभनी के कारीडांड़ स्थित सेवा समर्पण संस्थान में आए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत म्योरपुर से लखनऊ के लिए जल्द हवाई सफर शुरू होने का आश्वासन दिया था। म्योरपुर क्षेत्र के कानूनगो मोहम्मद आरिफ ने बताया कि जितनी जमीनों का अधिग्रहण करना है उसकी सूची तैयार कर ली गई है। वन भूमि के हस्तानांतरण को लेकर भी फाइल बन गई है।