सोनभद्र (सलखन)। चोटी कटने की अफवाह लगातार फैलती जा रही है। अब सोनभद्र में दूसरे दिन भी इस अफवाह ने महिलाओं को दहशत में ला दिया है। शनिवार को चोपन थाना क्षेत्र के वेलकप गांव में सुनीता मौर्या (28) की चोटी कट गई। शुक्रवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव में एक युवती की चोटी कटने की सूचना मिली थी। मामले की सूूचना पुलिस को दी गई है।
वेलकप गांव की सुनीता पत्नी सरोज मौर्या बीमार है। वह शनिवार को राबर्ट्सगंज उपचार कराने गई थी। वहां से घर लौटी और करीब दो बजे सो गई। तीन बजे सोकर उठने पर उसे चक्कर आया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। यह देख उसके बेटे ने पिता को जगाया। सुनीता का पति उसके पास गया तो देखा कि उसकी चोटी कटी हुई हैै और बाल जमीन पर पड़े हैं। यह देख उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। साथ ही पास में स्थित एक निजी डॉक्टर को बुलाकर उसका उपचार कराया। घर में ही महिला का उपचार चल रहा है। सुनीता को देखने के लिए मौके पर महिलाओं की भीड़ इकट्ठा हो गई। उधर मामले की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोटी कटने के बारे में जानकारी ली।