फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नकल न कराने पर तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र (रेणुकूट)। पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर में स्थित बाबूराम सिंह महाविद्यालय में आईटीआई की परीक्षा में नकल कराने को लेकर सोमवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। महाविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ की। पुलिस पर पथराव किया। फिर से परीक्षा कराने के आश्वासन पर शांत हुए लेकिन वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाया और उपजे विवाद को शांत कराया।
विज्ञापन

बाबूराम सिंह महाविद्यालय में सोमवार को आईटीआई की परीक्षा थी। परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे से होनी थी लेकिन कालेज प्रबंधन ने डेढ़ घंटे देर 12 बजे से परीक्षा शुरू कराई। इस दौरान कुछ छात्रों को नकल कराए जाने को लेकर बाकी छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि 12 बजे से परीक्षा शुरू कराई गई और डेढ़ बजे से ही कापी वापस ली जाने लगी। जब इसका विरोध किया गया तो उन्हें डांट कर चुप कराया जाने लगा। इस पर छात्रों ने कालेज कैंपस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। छात्रों ने परीक्षा कक्ष में रखी डेस्क-बेंच, गमला, बिजली के बोर्ड, खिड़कियों में लगे शीशे सहित तमाम सामान तोड़ दिए। सूचना पाकर सीओ पिपरी ज्ञान प्रकाश राय के साथ ही पिपरी, हाथीनाला, म्योरपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने हालात को संभालने का प्रयास किया लेकिन उग्र छात्र एक भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि परीक्षा केंद्र बदल दिया जाए। एकबारगी तो पुलिस ने किसी तरह छात्रों को गेट के बाहर किया, लेकिन आक्रोशित छात्रों ने पुलिस पर ही पत्थरबाजी शुरू कर दी। उसके बाद पुलिस ने कुछ छात्रों को अंदर बुलाकर कॉलेज प्रबंधन से बातचीत की और आज की परीक्षा निरस्त कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर धीरे-धीरे छात्र वहां से हटने लगे। फिर भी छात्रों का आक्रोश कम नहीं हुआ। वहां से हटकर छात्र वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर पहुंच गये और वहां जाम लगा दिया। सूचना पाकर पुलिस एक बार फिर मौके पर पहुंची और किसी तरह बातचीत करके छात्रों को वहां से हटाया। सीओ पिपरी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आईटीआई कॉलेज के छात्रों के हंगामा की खबर पाकर वे तत्काल मौके पर पहुंचे और छात्रों को किसी तरह समझा बुझा कर भेज दिया गया है। आगे की परीक्षाएं पूर्ववत समयानुसार चलती रहेंगी। इस दौरान पर्याप्त फोर्स की भी व्यवस्था की जाएगी। महाविद्यालय प्रबंधक बलवंत सिंह का कहना है कि छात्र नकल करने के लिए दबाव बना रहे थे। विद्यालय प्रशासन ने सख्ती की तो छात्र भड़क गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें