सोनभद्र। सहायक अध्यापक पद पर चयन होने के बावजूद नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से क्षुब्ध युवा बेरोजगारों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर 12,460 सहायक अध्यापक भर्ती पर शासन से लगी रोक हटवाने और नियुक्ति पत्र वितरित करने की मांग की। बेसिक शिक्षा अधिकारी और भाजपा जिला कार्यालय पर भी पत्र दिया गया।
12,460 सहायक अध्यापक पद के लिए चयनित हो चुके तमाम युवा अब भी बेरोजगार हैं। उन्हें अब तक नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। इससे युवाओं में असंतोष है। सोमवार को दर्जनों की संख्या में बेरोजगार कलेक्ट्रेट पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद युवा बेरोजगार मनीष कुमार राय ने बताया कि वर्ष 2016 में ही 12460 सहायक अध्यापकों की भर्ती का शासनादेश घोषित किया गया था, जिसकी काउंसिलिंग भी संपन्न हो चुकी है। भर्ती में केवल नियुक्ति पत्र वितरित करना शेष है, लेकिन सरकार ने इस पर रोक लगा दिया है। जिससे चयन के बावजूद युवा बेरोजगार पड़े हुए हैं। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के एक लाख से अधिक पद रिक्त हैं। इसके बावजूद चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा रहा है। यदि नियुक्ति पत्र देकर शिक्षकों की तैनाती कर दी जाए तो इससे प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। नवीन पटेल का कहना था कि सहायक अध्यापक पद पर चयनित हो चुके युवा बेरोजगार करीब दस दिन से लक्ष्मण मेला मैदान लखनऊ में अपनी न्यायोचित मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शांतिपूर्ण ढंग से कर रहे हैं। उन्होंने जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है। प्रदर्शन के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान प्रमिला, रंजीता, प्रगति, शीलू, शक्ति यादव, अनूप सिंह, उपेंद्र यादव, राकेश, सोनम, निधि सिंह, अमन, विश्नू, सुशील, मीरा, अरूण, विशू, अखिलेश मिश्रा मौजूद रहे।