राबर्ट्सगंज तहसील में विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे भाकपा कार्यकर्ता
जिले में वनाधिकार कानून लागू करने और प्रत्येक गरीब व्यक्ति को 15 किलो राशन दिए जाने की मांग को लेकर शनिवार को राबर्ट्सगंज तहसील परिसर में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) ने प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर गरीबों का उत्पीड़न करने का आरोप मढ़ा। प्रदर्शन के बाद तहसील प्रशासन को मांगपत्र सौंपा।
जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि केेंद्र की मोदी सरकार हो या प्रदेश की सपा सरकार दोनों गरीबों को राशन और बेरोजगारों को रोजगार नहीं दे रही हैं। कहा कि केंद्र सरकार के तथाकथित देश भक्त एवं राष्ट्रवादी सरकार ने पहले ही जंगल, जमीन, खनिज संपदा, बौद्धिक संपदा को कारपोरेट घरानों को समर्पित कर चुकी थी। अब रक्षा समेत तमाम क्षेत्रों में सौ प्रतिशत एफडीआई की छूट देकर पूरी तरह अमेरिका के चरणों में शरणगत हो गई है।
कहा कि पार्टी के अगुवाई में गरीब संघर्ष करने के लिए तैयार है। दया शंकर कोल ने कहा कि किसी भी सूरत पर राशन और मजदूरी की लूट नहीं होने देंगे। उत्पीड़न के विरोध में गरीबों को एकत्र कर हक की लड़ाई के लिए संघर्ष करेंगे। संचालन कलीम और अध्यक्षता कल्लू पटेल ने किया। बीगन राम गोड़, राम प्रवेश, लालजी भारती, ईश्वर दयाल, बाबूलाल, दीनानाथ, नोहर, रोहित, कैलाश आदि मौजूद रहे।