सोनभद्र। राबर्ट्सगंज विद्युत वितरण खंड क्षेत्र में संविदा पर कार्य करने वाले बिजली कर्मियों ने बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर सोमवार से कामकाज ठप कर दिया। उन्होंने एक्सईएन कार्यालय में पहुंचकर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक कार्य नहीं करेंगे।
आंदोलित संविदाकर्मियों ने कहा कि पूर्व के जो ठेकेदार थे, जिनकी फर्म के अंडर में वे लोग काम करते थे। उनके यहां कई माह का मानदेय बाकी है। बकाया मानदेय को शीघ्र दिलाया जाए। आरोप लगाया कि छह माह या एक साल में ठेकेदार बदल दिए जाते हैं। जब नए ठेकेदार आते हैं तो वह अपने समय का हिसाब करते हैं। पीछे का बकाया रह जाता है। काम करने के बावजूद बकाया का भुगतान न होने से उनके समक्ष आर्थिक तंगी उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके किसी के द्वारा ध्यान नहीं दिया गया। विवश होकर उन लोगों को कामकाज ठप करना पड़ रहा है। सुकृत, रामगढ़, दुबेपुर, पसही, घोरावल राबर्ट्र्सगंज सहित अन्य उप केंद्रों पर करीब 150 संविदाकर्मी तैनात हैं। प्रदर्शन में अवधेश शर्मा, रमाकांत, अर्जुन, जेपी, चंद्रशेखर, हरिशंकर आदि शामिल रहे।