सोनभद्र। राबर्ट्सगंज संसदीय सीट के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने बताया कि नामांकन के आखिरी दिन 13 उम्मीदवारों ने 15 सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। कुल 24 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
सोमवार को बसपा समर्थित समाजवादी पार्टी के भाईलाल ने पुन: एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। बहुजन मुक्ति पार्टी से रमेश कुमार ने एक सेट में, जनता दल युनाइटेड से अनीता ने एक सेट में, निर्दल विद्या प्रकाश कुरील ने दो सेट में, राष्ट्रीय समाजवादी जनक्रांति पार्टी से अशोक कुमार ने एक सेट में, निर्दल गोविंद एक सेट में, भूषा अंबेडकर निर्दल एक सेट में, भारत प्रभात पार्टी से सुनील कुमार एक सेट में, भारतीय गांधीवादी पार्टी से संतोष खरवार एक सेट में, अंबेडकर राइट पार्टी से राजाराम एक सेट में, शिवसेना पार्टी से पुष्पा अनिल एक सेट में, निर्दल संदीप कुमार एक सेट में, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से धर्मेंद्र एक सेट में, मौलिक अधिकार पार्टी से राजकुमार ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।
बताते चलें कि 22 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। पहले दिन किसी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था। दूसरे दिन 23 अप्रैल को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की उम्मीदवार रूबी प्रसाद ने नामांकन दाखिल किया। 26 अप्रैल तक 11 नामांकन के साथ ही 29 लोगों ने पर्चा खरीदा। 27 और 28 अप्रैल को अवकाश के कारण 29 अप्रैल को नामांकन हुआ। इससे पहले तक प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया से रूबी प्रसाद, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से अशोक कुमार कनौजिया, आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (रेडिकल) से एसआर दारापुरी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से कैलाश नाथ, भारतीय जनक्रांति दल से अमित कुमार, अपना दल-भाजपा गठबंधन से पकौड़ी लाल, कांग्रेस से भगवती प्रसाद चौधरी, भारतीय लोकमत राष्ट्रवादी पार्टी से अनुज कुमार, निर्दल उम्मीदवार प्रभु दयाल, सपा-बसपा-रालोद गठबंधन से भाईलाल और निर्दल सुनील कुमार नामांकन दाखिल कर चुके हैं।