चोपन (सोनभद्र)। जुगैल थाना क्षेत्र के पचपेड़िया (भीतरी) गांव में बुधवार की रात करीब आठ बजे एक आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से कालीचरण (55) की चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
जुगैल थाना क्षेत्र के पचपेड़िया गांव के कुछ लोग बुधवार की रात एक आटो पर सवार होकर चोपन की ओर आ रहे थे। आटो गांव से कुछ दूर ही पहुंचा था कि अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में आटो सवार कालीचरण (55) पुत्र कुबेर निवासी चाड़म गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाबूलाल (38) पुत्र बबलू, रामचंद्र (45) पुत्र चन्नर, काशी (60) पुत्र मोतीलाल निवासी चाड़म भी घायल हुए। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी। फिर एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान कालीचरण की मौत हो गई।