रामगढ (सोनभद्र)। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के ढोढरी गांव में बुधवार की रात कुछ लोगों ने होलिका में आग लगा दी। इसको लेकर गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनका शांति भंग में चालान कर दिया है। तनाव को देखते हुए गांव में डेढ़ प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। रात में ही पुलिस ने फिर से होलिका लगवा दिया है।
ढोढरी गांव में होलिका में ग्रामीण लकड़ियां डाल रहे हैं। बुधवार की रात गांव के ही कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के घर की चारपाई और कुछ अन्य सामान होलिका में डाल दिया था। इससे नाराज पीड़ितों ने गांव की होलिका में आग लगा दी। जब इस बात की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। गांव के लोग रात में ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। इसकी जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने होलिका जलाने के आरोप में गांव के अब्दुल कयूम, इमाम अली, खारिब हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। उनका शांति भंग में उनका चालान कर दिया गया। साथ ही वहां नई होलिका लगवा दी। गुरुवार को गांव में डेढ़ प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि गांव में होलिका जलाने को लेकर विवाद हुआ था। थाने पर पीएसी बुला ली गई है। गांव में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। फिलहाल गांव में माहौल ठीक है।