नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी) के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने देश के जाने-माने चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच एनेस्थीसिया, निश्चेतना विज्ञान पर व्याख्यान देकर कंपनी का मान बढ़ाया है।
डॉ. पंकज ने इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसिया द्वारा कोलकाता में गत दिनों आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय वार्षिक एनीस्थीसिया सम्मेलन में इंफेक्शियस डिजीज एंड रिस्क ऑफ केयर गिवर विषय पर व्याख्यान दिया। सम्मेलन में दिया गया व्याख्यान एक शोध पत्र के रूप में निश्चेतना विज्ञान के जाने-.माने मेडिकल जर्नल एनीस्थीसिया अपडेटस् में प्रकाशन के लिए शामिल किया गया है। 53 विशेषज्ञों के शोध पत्र एनीस्थीसिया अपडेट में प्रकाशन के लिए चुने गए हैं। मध्य प्रदेश से डॉ. पंकज सहित सिर्फ तीन चिकित्सकों और कोल इंडिया से एकमात्र डॉ. पंकज का शोध पत्र, एनीस्थीसिया अपडेट्स में प्रकाशन के लिए चुना गया है। डॉ. पंकज ने 1998 में कोल इंडिया लिमिटेड में बतौर चिकित्सक अपनी सेवाएं देनी शुरू की और उसी वर्ष उनकी नियुक्ति एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में हुई। पंकज अब तक 20 शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। पांच शोध पत्र मेडिकल जर्नल में छप चुके हैं। अनेक पुरस्कारों से नवाजे जा चुके हैं। कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस में डा. पंकज को चार बार बेस्ट पेपर अवॉर्ड प्राप्त हो चुका है। साथ ही कोल इंडिया स्तर पर उन्हें एक-एक बार स्पेशल अवॉर्ड फॉर मेडिसिन और धन्वंतरि अवॉर्ड जैसे पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।