सोनभद्र (सिंगरौली)। जयंत एरिया के विजय स्टेडियम में नि:शुल्क आवासीय एथलेटिक्स अकादमी के लिए प्रशिक्षु खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया संपन्न हुई। विभिन्न चरणों में हुई प्रतियोगिता के बाद कुल 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
एनसीएल के विजय स्टेडियम में चयन प्रक्रिया के पहले दिन देश भर से 175 खिलाड़ी प्रतिभाग किए। 149 खिलाड़ियों को योग्य पाने के बाद रजिस्ट्रेशन कर उनका ट्रायल लिया गया। ज्यादातर खिलाड़ी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा बिहार के हैं। दूसरे दिन रविवार को प्रशिक्षु खिलाडिय़ों का रजिस्ट्रेशन कर कई चरणों में ट्रायल के पश्चात अकादमी के लिए अधिकतम 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया। आखिरी रूप से चयनित प्रशिक्षु खिलाड़ियों को नि:शुल्क आवासीय एथलेटिक्स अकादमी में विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। गौरतलब है कि इस आवासीय एथलेक्टिक्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को आवासीय सुविधा के अंतर्गत दैनिक खानपान, विद्यालयी शिक्षा, खेल परिधान तथा प्राथमिक उपचार का वहन एनसीएल प्रबंधन द्वारा किया जाएगा। एक अगस्त तक न्यूनतम आयु 12 वर्ष तथा अधिकतम 14 वर्ष के किशोर इस चयन प्रक्रिया में बतौर प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी खिलाड़ियों को एनसीएल की वेबसाइट पर उपलब्ध पंजीकरण पत्र चयन प्रक्रिया के दिन साथ भरकर लाना होगा।