दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के झारोकला गांव में रविवार की शाम करीब छह बजे बाइक की टक्कर से आशुतोष (5) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिर में गंभीर चोट आई। परिवार वाले उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने करीब साढ़े सात बजे ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना के बावजूद करीब ढाई घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची और बालक अपनी मां की गोद में तड़पता रहा। एसपी और सीएमओ के हस्तक्षेप के बाद करीब रात 10 बजे एंबुलेंस पहुंची तो बालक को जिला अस्पताल भेजा जा सका।
झारोकला गांव का आशुतोष पुत्र सुरेश रविवार की शाम करीब छह बजे अपने घर के पास खेल रहा था। इस दौरान एक अनियंत्रित बाइक ने उसे टक्कर मार दिया। इससे बालक के सिर में गंभीर चोट आई। परिवार वाले उसे सीएचसी लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने गंभीर हालत देख उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिर परिवार वालों ने एंबुलेंस को सूचना दी। लेकिन करीब ढाई घंटे तक एंबुलेंस वहां नहीं पहुंची। इस बीच परिजन अस्पताल परिसर के बाहर एंबुलेंस के लिए परेशान रहे। बालक ने घंटे भर में तीन बार उल्टियां की और अचेतावस्था में मां की गोद में पड़ा रहा। एक महिला एनएस की ड्रिप हाथ में लेकर खड़ी थी। बच्चे की स्थिति नाजुक बनती जा रही थी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। परिसर में ही 102 की जननी सेवा की एंबुलेंस खड़ी थी। वहां पहुंचे सभासद सुधीर अग्रहरि ने हस्तक्षेप किया। फिर लोगों ने एसपी और सीएमओ को मामले से अवगत कराया। काफी हस्तक्षेप के बाद रात 10 बजे एंबुलेंस की सुविधा पीड़ित परिवार को मिली। तब परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। बालक के पिता सुरेश ने बताया कि सोमवार की भोर में चार बजे उन्होंने बच्चे को बीएचयू ट्रामा सेंटर भर्ती कराया है। बालक की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।