अनपरा (सोनभद्र)। थर्मल कांट्रेक्टर एसोसिएशन अनपरा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंप होली से पूर्व संविदाकारों के लंबित बीजकों के भुगतान की मांग की है।
थर्मल कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष एमएस अख्तर ने सौंपे ज्ञापन में बताया है कि संविदाकारों की बदौलत अनपरा तापीय परियोजना उत्पादन के क्षेत्र में लगातार नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है। परंतु संविदाकारों के बकाये भुगतान को लेकर प्रबंधन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रियार्टी बी का 20-22 महीनों से भुगतान नहीं किया गया है, जबकि प्रियार्टी ए के भुगतान 7-8 महीनों से लंबित है। ऐसे में होली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही श्रमिकों द्वारा भुगतान को लेकर पहले से ही दबाव बनाया जा रहा है। एक वर्ष पूर्व में यूनिट संख्या-2 के ओवर हालिंग के कार्य का 70 प्रतिशत भुगतान हो चुका है, शेष 30 प्रतिशत बीजको का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है, वे अपने आपको उत्पीड़ित महसूस कर रहे है। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने उप्रराविउनि के प्रबंध निदेशक से लंबित भुगतान होली से पूर्व कराने की गुहार लगाई है। जिससे श्रमिकों का भुगतान समय से किया जा सके।