अनपरा। बीना परियोजना स्टेडियम में अखिल भारतीय सुभाष स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को मेरठ की टीम ने सोनभद्र डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम को नौ विकेट से हराया।
मेरठ के कप्तान माधव पी सिंह ने टास जीतकर सोनभद्र को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मेरठ ने शानदार गेंदबाजी की बदौलत सोनभद्र पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा। सोनभद्र का पहला विकेट 25 रन के स्कोर पर 9वें ओवर में गिरा। इसके बाद एक के बाद एक मात्र 40 रनों के अंतराल में टीम ने अपने सभी 10 विकेट गंवा दिए और टीम 27वें ओवर में ही सिर्फ 65 रन पर आउट हो गई। सोनभद्र के नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए और चार बैट्समैन तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। सिर्फ सलामी बल्लेबाज सैफन 13 और दीपेंद्र 15 रनों के साथ दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। प्रतियोगिता के पिछले संस्करण के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे अंकुर चौहान ने मेरठ की ओर से सबसे अधिक पांच विकेट लिए जबकि कप्तान माधव पी सिंह और मौहम्मद कामिल ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने दूसरे ही ओवर में 11 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खो दिया। लेकिन उसके बाद ओपनर शिवम बंसल और विकेट कीपर बल्लेबाज आयुष वत्स ने नाबाद 58 रनों की साझेदारी कर मात्र 10 ओवर में ही अपनी टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई। शिवम बंसल ने 44 और आयुष ने 19 रनों की पारी खेली। अंकुर चौहान को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।