सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन गांव में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गुरुवार को डीजे और कार में टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक राजेश गुप्ता (35) की मौत हो गई। जबकि डीजे पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी चोपन भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
सुबह करीब सात बजे सलखन में स्थित टाटा एजेंसी के समीप राबर्ट्सगंज की ओर से रेणुकूट की ओर जा रही कार की गलत साइड से आ रहे डीजे से टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिपरी निवासी कार चला रहे राजेश गुप्ता, सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के गौरही गांव निवासी डीजे सवार हंसलाल (25), सौरभ (18), चन्दन (19), और दिलीप (20) को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने राजेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के घरवाले पहुंच गई। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर राबबट्र्सगंज कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया।