सोनभद्र। अब किसानों को रुपये निकालने के लिए साधन सहकारी समितियों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। किसानों को सीधे रुपे ब्रांड का एटीएम कार्ड दे दिया जाएगा। किसानों का उनकी उधार जितनी राशि है उनके खाते में डाल दी जाएगी। अब किसान साल भर एटीएम मशीन से जरूरत के अनुसार आसानी से रुपये निकाल कर अपना काम करते रहेंगे। इसके लिए सहकारिता विभाग ने पहल तेज कर दी है।
राबर्ट्सगंज, दुद्धी और घोरावल तहसील क्षेत्र मेें 62 साधन सहकारी समितियां संचालित हो रही है। इन समितियों के करीब 32 हजार किसान सदस्य है। समितियों से कर्ज लेने वाले किसानों को रुपये निकालने के लिए चक्कर लगाना पड़ता है। हालांकि इस समस्या से निजात दिलाने के लिए सहकारिता विभाग ने किसानों को रुपे कार्ड देने का निर्णय लिया है, ताकि किसान आवश्यकता पड़ने पर एटीएम से भी रुपये निकाल कर अपना काम कर सकें। इस संबंध में एआर काओपरेटिव त्रिभवुन नारायण सिंह ने कहा कि समितियों से कर्ज लेने वाले किसानों को रुपे कार्ड देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। कर्ज लेने वाले किसानों की जितनी राशि होगी उनके खाते में डाल दी जाएगी। कहा कि बकाएदार किसानों को रुपे कार्ड नहीं दिया जाएगा। समितियों के सचिवों से किसानों की रुपे कार्ड देने के लिए सूची तैयार कराई जा रही है।