तहसील क्षेत्र के खगिया गांव में रविवार को एसडीएम शादाब असलम के नेतृत्व में राजस्व विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने बंधा की जमीन से अतिक्रमण हटवाया। बार-बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमणकारी के अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
घोरावल तहसीलदार केडी शर्मा ने बताया कि खगिया निवासी संपत्ति पुत्र मटुकधारी ने लंबे समय से गांव के ही बंधा की करीब चार बिस्वा जमीन पर अतिक्रमण कर घर बनाया था। इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में वर्ष 2013 में तहसीलदार के कोर्ट ने बेदखली का आदेश जारी किया था। बार-बार नोटिस देने के बाद भी उसने अतिक्रमण नही हटाया। इधर खगिया निवासी रामकिशुन पुत्र विश्राम ने भी तहसील समाधान दिवस में कई बार संपत्ति के अतिक्रमण न हटाने की शिकायत की।
इसी को लेकर रविवार को एसडीएम शादाब असलम, तहसीलदार केडी शर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल, कानूनगो रामलखन, सरदार भगत सिंह व पुलिस और राजस्व विभाग की टीम रविवार को दोपहर खगिया गांव पहुंची। यहां जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाया गया।