स्वास्थ्य विभाग ने क्षय रोग के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है। जिले में 24 फरवरी से दस मार्च तक 10 हजार लोगों के बलगम की जांच करने का लक्ष्य है। छह मार्च तक 2481 लोगों के बलगम की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसमें 133 लोग क्षय रोगी के रूप में चिह्नित किये गए हैं। इनमें से 52 मरीजों का इलाज भी शुरू कर दिया गया है।
जिले को क्षय रोग से मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 फरवरी से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 90 टीमें घर-घर जाकर टीबी से ग्रसित लोगों को चिह्नित कर रही है। प्रत्येक टीम में तीन सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें आशा, आंगनबाड़ी एवं एनजीओ के एक- एक सदस्य शामिल हैं। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक इन टीमों ने अभी तक 15लाख 974 लोगों से मुलाकात कर 2481 लोगों के बलगम की जांच की। जिसमें से 133 में क्षय रोग का लक्षण पाए गए। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीके अग्रवाल ने बताया कि टीमों को दस मार्च तक दस हजार लोगों के बलगम की जांच करने का लक्ष्य दिया गया है। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर चिह्नित रोगियों में से 52 का उपचार शुरू कर दिया है। जल्द ही अन्य रोगियों को चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल, छह सीएचसी, दो पीएचसी और 17 न्यू पीएचसी पर बलगम की जांच करने की व्यवस्था है। क्षय रोग की पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। कहा कि जिले को क्षय रोग से मुक्त करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।