सोनभद्र (अनपरा)। स्थानीय थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर रविवार को हुए सड़क हादसों में एक बालक की मौत हो गई। रेलवे ग्राउंड में साइकिल चलाते समय वाहन से दब कर रेहटा के बालक की मौत हो गयी जबकि शक्तिनगर के भैरवां गांव के पास ट्रेलर व रोडवेज बस में हल्की टक्कर हो गई।
अनपरा थाना क्षेत्र के रेहटा गांव निवासी प्रदीप उर्फ गोलू यादव पुत्र सुभाष यादव रविवार को अपराह्न रेलवे ग्राउंड में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान इस ग्राउंड में एक टाटा सूमो पहुंची। सूमो को ग्राउंड में दौड़ाते समय साइकिल सवार गोलू उसके पहिए के नीचे आने से उसकी मौत हो गयी। हादसे के बाद घटना स्थल पर कोहराम मच गया। लोगों की भीड़ को इकट्ठा होते देख वाहन चालक फरार हो गया। चालक कुछ अन्य युवकों को वाहन चलाना सीखा रहा था।
शक्तिनगर थाना क्षेत्र के भैरवा गांव के समीप रविवार की शाम साढ़े तीन बजे शक्तिनगर की तरफ जा रही रोडवेज बस को पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन बस के कई शीशे टूट गए।