सोनभद्र। डोर टू डोर के बाद अब प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया का भी सहारा लेना शुरू कर दिया है। वाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल साइटों के माध्यम से प्रत्याशी प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उक्त माध्यम से प्रत्याशी लोगों से अपने समर्थन में वोट मांग रहे हैं। जबकि राज्य निर्वाचन आयोग ने शोसल मीडिया पर प्रचार-प्रसार पर रोक लगाया है।
बताते चले कि जिले की इकलौती राबर्ट्सगंज नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए 13 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे है। वहीं चुर्क-नगर पंचायत में सात, चोपन में पांच, ओबरा में 18, दुद्धी में 13, पिपरी में सात, रेनुकूट मेें नौ एवं घोरावल में चेयरमैन पद के दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। वहीं नगर पालिका और नगर पंचायतों में सभासद पद के लिए 604 प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं। प्रथम चरण में 22 नवंबर को अध्यक्ष एवं सभासद पद के लिए वोटर वोट डालेंगे। चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे उम्मीदवारों की धुकधुकी बढ़ रही है। अध्यक्ष और सदस्य बनने की चाहत रखने वाले उम्मीदवारों ने जीत के लिए हर हथकंडा अपनाना शुरू कर दिया है। भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा के कई उम्मीदवार और कई निर्दल प्रत्याशियों ने वाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल साइटों के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने लगे है। जबकि आयोग ने सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार करने का रोक लगाई है। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी अवधेश मिश्रा ने कहा कि रोक के बावजूद सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार करने वाले उम्मीदवारों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।