सोनभद्र (ओबरा)। गोरखपुर के बाबा राघव दास मेडिकल कालेज में आक्सीजन बंद होने से मौत पर रविवार को युवाओं ने नगर में कैंडिल मार्च निकाला और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। कैंडिल मार्च आर्य समाज चौराहे से वीआईपी रोड होते हुए सुभाष चौराहे तक पहुंचा जहां शोकसभा का आयोजन हुआ।
सपा नेता मो. तौफीक ने कहा कि बाबा राघव दास मेडिकल कालेज में आक्सीजन न होने के कारण हुई मौत मानवता को शर्मशार करने वाली घटना है। इस घटना से प्रदेश में चिकित्सा विभाग की पोल खुल गई है। प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त करने के साथ ही मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। छात्र नेता जुबैर अहमद ने कहा कि जिस प्रकार से आक्सीजन के अभाव में बच्चों ने तड़प कर दम तोड़ दिया उस पीड़ा को समझते हुए प्रदेश सरकार लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे। इस दौरान जीशान अहमद, काजू खां, सागर सिंह, दिनेश उपाध्याय, कृष्ण कुमार चौहान, अंकुश कुमार, प्रफुल्ल चौबे शामिल रहे।
उधर, दुद्धी में शिवाजी तालाब परिसर पर रविवार को लोक स्वतंत्र मानवाधिकार संघटन के तत्वाधान में गोरखपुर में कथित ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों को लेकर श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें मृतकों के प्रति शोक संवेदना जताई गई। ब्लाक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने कहा की दोषी लोगों पर सख्त कार्रवाई हो और स्वास्थ्य मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दें। इस दौरान डॉ. राजकुमार राजावत, विजय प्रसाद, शिव शंकर जायसवाल, धीरेंद्र सिंह, प्रिंस श्रीवास्तव, अनिल, संतोष, हाजी शहीद कादरी, फ़तेह मुहम्मद खां मौजूद रहे।
इसी तरह से सोनभद्र में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर में सरकार की लापरवाही से हुई मासूमों की मौत पर रविवार को राबट्र्सगंज के बढ़ौली चौराहे पर शोक सभा कर संवेदना व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री का यह कहना की अगस्त के महींने में इतनी मौत होती ही है, यह उनके अस्वस्थ होने का परिचय देता है। कहा कि अगर यह मौतें सामयिक थी तो फिर प्रधानाचार्य को बर्खास्त करने की क्या जरुरत थी। शोक सभा मे जिला संयोजक रोहित परिमार, जिला सचिव श्रीकांत त्रिपाठी, जिला कोषाध्यक्ष विजेंदर पांडेय, नीरज पांडेय, सुरेश शुक्ला, शिशिर त्रिपाठी, लक्ष्मी पटेल, रमेश गौतम, गोविन्द चौबे आदि लोग शामिल रहे।