लोढी टोल प्लाजा के समीप हूटर को जेसीबी से नष्ट कराते सीओ रणधीर मिश्र।स्रोत पुलिस
सोनभद्र। तेज आवाज में गाना बजाते हुए और हूटर लगाकर चलने वालों की अब खैर नहीं रहेगी। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई और हूटर-लाउडस्पीकर उतरवाकर उसे नष्ट कराने का अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार और सीओ रणधीर मिश्रा ने लोढ़ी टोल प्लाजा के पास हाईवे पर उतरकर वाहनों की जांच की। इस दौरान उतरवाए गए कुल 130 हूटर-लाउडस्पीकर पर बुलडोजर चलाकर नष्ट भी किया गया। चेतावनी दी गई कि अगर दोबारा हूटर या लाउडस्पीकर लगा पाया गया तो वाहन को सीज करने की भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं तेज आवाज में फूहड़ गीत बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि एक तरफ तेज हार्न से आवागमन करने वालों को कई तरह की दिक्कत होती है। वहीं यह स्थिति कई बार हादसे का कारण बन जाती है। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि अवैध तरीके से हूटर-लाउडस्पीकर लगाकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। स्थिति में सुधार न आने पर वाहनों को सीज किया जाएगा।