सोनभद्र। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में पीएसी के नौ जवानों समेत 13 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक संक्रमित मिले लोगों की संख्या 402 हो गई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की। उन्होंने बताया कि शनिवार को चार और लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए। स्वस्थ होकर घर लौटने वालों की संख्या 268 हो गई है और अब एक्टिव मामले 134 हो गए हैं।
उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीमें कंटेनमेंट जोन व रेंडम सेैंपल लेने में शनिवार को पूरे दिन जुटी रहीं। शनिवार को 282 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए बीएचयू भेज दिए गए। इस बीच शनिवार को 101 लोगों की जांच रपिोर्ट प्राप्त हुई। जिसमें 13 पाजिटिव और 88 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक 11814 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 11290 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिसमें 402 पाजिटिव और 10888 निगेटिव मिले हैं। इसके अलावा 524 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पाजिटिव मिले लोगों में से 268 स्वस्थ हो गए हैं और 134 अन्य का इलाज चल रहा है। शनिवार को पाजिटिव मिले लोगों में से कुछ होम क्वारंटीन किए गए हैं जबकि कुछ अन्य को जिला अस्पताल स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भी लिखा गया है। इसके अलावा पूरे इलाके को सैनिटा इज कराकर हॉट स्पाट वाले क्षेत्र में बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है। उधर, एसडीएम यमुनाधर चौहान का कहना है कि शनिवार को पाजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर बैरिकेडिंग कराई जा रही है। संबंधित इलाकों में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरत के सामान घर में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.