सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के ईदगाह के पास शुक्रवार की सुबह अनियंत्रित होकर एक ट्रक दूसरे ट्रक मेेें टक्कर मार दिया। हादसे मेें ट्रक से कुचल कर संतोष (13) की मौत हो गई। जबकि चालक और खलासी घायल हो गए। वहीं दूसरे ट्रक का चालक और खलासी वाहन खड़ा कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई।
सुबह करीब साढ़े सात बजे ईदगाह के समीप ओवरब्रिज के नीचे चोपन की तरफ से जा रहा भस्सी लदा एक ट्रक राबर्ट्सगंज नगर की ओर मुडने लगा। उसी वक्त पीछे से जा रहा बालू लदा ट्रक भस्सी लदे ट्रक के चालक की साइड में टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। हालांकि कुछ दूरी पर बालू लदा ट्रक खड़ा कर चालक, खलासी फरार हो गए। दुर्घटना में भस्सी लदे ट्रक में सवार चोपन थाना क्षेत्र के करगरा गांव निवासी संतोष नीचे गिर गया, जिससे ट्रक का चक्का उसके ऊपर चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने भस्सी लदे ट्रक के चालक करगरा गांव निवासी नंदलाल विश्वकर्मा (30) और गोविंद (18) को जिला अस्पताल भिजवा कर शव को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा। हालांकि पुलिस ने ट्रक किनारे करवाकर आवागमन को बहाल करा दिया। उधर हादसे की खबर मिलते ही किशोर के घर मातम छा गया । जिला अस्पताल मेें बेटे के शव के पास बिलख रहे उसके पिता ने रामबहाल ने बताया कि भगवान उसके बुढ़ापे की लाठी छिन लिया। उसे एक ही बेटा और बेटी है। पुलिस ने शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।