सोनभद्र (शक्तिनगर)। चिल्काटांड गांव के पंचायत भवन पर गुरुवार दोपहर आयोजित खुली बैठक में जनहित के मुद्दे छाए रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले आवास व राशन कार्ड को लेकर हंगामा खड़ा किया, लेकिन मौजूद अधिकारियों के आश्वासन पर लोग शांत हो गए।
बैठक में मुख्य रूप से म्योरपुर के खंड विकास अधिकारी डीपी वर्मा के साथ ग्राम प्रधान रविंद्र यादव व ग्राम विकास अधिकारी राजबहादुर सिंह मौजूद रहे। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनने वाले शौचालय, पीएम आवास, पेंशन व निर्माण कार्य के गुणवत्ता को लेकर कई ग्रामीणों ने सवाल खड़ा किए। ग्रामीणों का कहना था कि कई सरकारी योजनाओं का लाभ उनको नहीं मिल रहा है। इस पर बीडीओ ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और इसके लिए लागू व्यवस्था के बारे में बताते हुए कहा कि पात्र लोगों का सूचीबद्ध करने का कार्य चल रहा है। सत्यापन के बाद उन लोगों को भी लाभ मिलेगा जो अभी तक वंचित है। राशन कार्ड को लेकर महिलाओं ने हो हल्ला किया उनका कहना था कि राशन कार्ड के अभाव में उनको रियायती सामान नहीं मिल पा रहे है। मौजूद अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मार्च के बाद संशोधित राशन कार्ड पात्र लोगों को मिलने लगेगा।