सोनभद्र (ओबरा)। बारिश के दिनों में रेणुकापार के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रेणुका नदी पर स्वीकृति के बावजूद पुल का निर्माण न होने से लोगों में असंतोष है। रविवार को लोगों ने खैरटिया प्राथमिक विद्यालय पर प्रदर्शन कर पुल निर्माण न शुरू कराने पर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने सांसदों और विधायकों के साथ ही प्रशासनिक अफसरों से इस पर पहल करने की मांग उठाई।
ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त दूबे ने बताया कि पुल निर्माण के लिए स्वीकृत हो गया है और इसके लिए कोष में धन का आवंटन भी हो चुका है। इसके बावजूद पुल का निर्माण क्यों नहीं हो रहा है यह समझ से परे है। कहा कि रेणुका नदी पर पुल का निर्माण हो जाने से रेणुकापार के कई गांव सीधे ओबरा से जुड़ जाएंगे और वहां पर रहने वाले लोगों को रोजगार के अवसर और आवागमन में सुविधा प्रदान होगी। काला पानी का दंश झेल रहे भाट क्षेत्र के लोगों को रोजगार और विकास के अवसर सुलभ हो जाएंगे। प्रदर्शन में हिंदु युवा वाहिनी ग्रामीण अध्यक्ष गणेश केशरी, संतोष प्रजापति, श्याम बाबू, राहुल जायसवाल, चेतन केशरी, डा. मुकेश वर्मा, बलवंत केशरी, कमलेश केशरी, बृजमोहन केशरी, रविंद्र सिंह, डा. विशाल यादव, चंदन, जय प्रकाश भारती, विजय चेरो मौजूद रहे।