गैर प्रांतों से दो हजार आए, 1500 को जांच के बाद भेजा घर
12 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। जिले में गैर प्रांतों व जनपदों से आने वालों का संख्या में बढ़ती जा रही है। सोमवार को शाम से मंगलवार की शाम पांच बजे तक करीब 2000 लोग जिले में आ चुके थे। इन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग व अन्य जांच के लिए चिकित्सकों की टीमें लगी हुई हैं। उधर, विभिन्न क्वारंटीन सेंटरों में ठहराए गए लोगों में से करीब 1500 को रोडवेज की बसों व अन्य संसाधनों से भोजन व राशन किट देकर उनके घर भेज दिया गया। इस बीच चिकित्सकों की टीमों ने 12 और लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 624 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 538 की रिपोर्ट आई है। इसमें से 535 निगेटिव और तीन पाजिटिव मिले हैं।
कोरोना वायरस के फैलाव पर रोक के लिए घोषित लाकडाउन के बीच रोजी-रोटी की तलाश में गैर प्रांतों में गए लोग घर लौटने लगे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, दिल्ली समेत अन्य प्रांतों से करीब 2000 लोग जिले में पहुंचे। जिले की सीमाओं पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग व अन्य जांच के बाद क्वारंटीन सेंटरों में भेज दिया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने बसों समेत अन्य वाहनों से सभी को क्वारंटीन सेंटरों पर भेजा। यहां सभी को भोजन कराया गया। इसके बाद राशन किट देकर उन्हें घर भेजा गया। राबर्ट्सगंज नगर में स्थित संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डायट परिसर उरमौरा, आर-आर पालिटेक्निक कॉलेज हिंदुआरी समेत अन्य सेंटरों से पहुंचे लोगों को सदर एसडीएम यमुना धर चौहान, सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने बाहर से आए लोगों को वाहनों से घर भेजवाया। एएसपी ओपी सिंह ने बिहार बार्डर का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि बाहर से आए लोगों में से 500 लोगों को गैर जनपद और 1000 को जिले के विभिन्न गांवों में उनके घर भेजवाया गया। अन्य लोगों को भी उनके घर भेजने के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रवासी श्रमिकों के अस्थायी राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं। ताकि सरकार के निर्देशों के अनुरूप राशन उपलब्ध कराया जा सके। राशन उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।