वन रेंज के हरहोरी और करकोरी जंगल में अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने सोमवार को अभियान चलाया। इस दौरान कुल 12 बीघे वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वन महकमा अतिक्रमण मुक्त हुई वन भूमि पर पौधे लगाने के साथ ही खैर का बीज भी बोएगा। रेंजर जबर सिंह ने बताया कि इन दोनों गांवों में जंगल से सटी जमीन की आड़ में कुछ लोगों ने चोरी-छिपे वन भूमि जोतने का प्रयास किया था।
इसकी जानकारी वन कर्मियों द्वारा मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वन दरोगा विजेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को समझाया कि जंगल को सुरक्षित रखना उनकी भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई अवैध कब्जा करता है तो उसकी जानकारी वन विभाग को दें। अभियान के दौरान वन दरोगा बिहारी पांडेय, सर्वेश, चंद्रभान, अंकुर गिरी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।