सोनभद्र। लोकसभा चुनाव को लेकर राबर्ट्सगंज सुरक्षित सीट पर मतदान रविवार को होगा। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में चार राज्यों की सीमा से सटे क्षेत्रों में कुल 26 बैरियर बनाए गए हैं, जहां जवानों की तैैैनाती की गई है और आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी की जा रही है। सभी क्षेत्र की सीमा को सील कर दिया गया है।
यूपी के सबसे अंतिम लोकसभा सीट राबर्ट्सगंज के लिए मतदान 19 मई को होना है। जिले की राबर्ट्सगंज, घोरावल, ओबरा और दुद्धी विधानसभा सीट के साथ ही चंदौली जिले की चकिया विधानसभा सीट राबर्ट्सगंज लोकसभा सीट में शामिल है। झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और बिहार की सीमा से सटा होने और पड़ोसी राज्यों के नक्सल प्रभावित होने के नाते इन क्षेत्रों में सघन जांच की जा रही है। बिहार की सीमा पर सूअरसोत, छत्तीसगढ़ सीमा पर आसनडीह, झारखंड से सटे विंढमगंज सीमा पर बैरखड़, बरखोरहा आदि क्षेत्रों में सीमा को सील कर वाहनों की सघन तलाशी की जा रही है। संदिग्धों पर भी पुलिस नजर रख रही है। विंढमगंज प्रतिनिधि के अनुसार विंढमगंज थाना क्षेत्र के झारखंड सीमा से सटे इलाकों में पुलिस नजर रख रही है। सीमा को सील कर दिया गया है। रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पटेल नगर मार्ग बैरखण, बरखोरहा मार्ग पर निगरानी की जा रही है। बैरियरों पर जवानों को तैनात किया गया है जो लोगों की तलाशी कर रहे हैं। उधर एसपी सलमान ताज पाटिल ने बताया कि अंतर्राज्यीय सीमा पर 26 जगहों पर बैरियर लगाए गए हैं। सीमा सील कर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर लोगों की तलाशी भी की जा रही है। जगह-जगह वाहनों को रोक कर उनकी तलाशी ली जा रही है। पुलिस कर्मियों और जवानों को पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है।