सिंगरौली। एनसीएल की होल्डिंग कंपनी और दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी कोल इंडिया के सीएमडी एके झा का दो दिवसीय एनसीएल दौरा गुरुवार को पूरा हो गया। उन्होंने एनसीएल की कई खदानों का निरीक्षण कर उत्पादन एवं उत्पादकता संबंधी निर्देश दिए। एके झा ने गुरुवार को कंपनी के तीन मेगा प्रोजेक्ट खड़िया, निगाही एवं अमलोरी परियोजनाओं की खदानों का निरीक्षण कर वहां के काम-काज का जायजा लिया। साथ ही इन खदानों के संचालन की प्रशंसा करते हुए कोयला उत्पादन एवं प्रेषण को और भी बेहतर बनाने के लिए जरूरी सुझाव दिए। उनके साथ एनसीएल के सीएमडी पीके सिन्हा, निदेशक गुणाधर पांडेय, मुख्य सतर्कता अधिकारी एके श्रीवास्तव, निदेशक पीएम प्रसाद और निदेशक एनएन ठाकुर मौजूद रहे। निगाही क्षेत्र में आयोजित 29वीं कोल इंडिया अंतर कंपनी वेट लिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में सीएमडी ने बतौर मुख्य अतिथि विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया। उन्होंने एनसीएल के श्रमिक संगठनों एवं सीएमओएआई के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। दोपहर में वह निगाही क्षेत्र से वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
कई इकाइयों को मिली सौगात
अनपरा। एनसीएल दौरे के दौरान ए के झा ने एनसीएल के विभिन्न कोयला क्षेत्रों एवं इकाइयों को कुछ नई सौगातें भी दी। खडिय़ा क्षेत्र को एक नई वर्कशॉप एवं स्टोर और 100 टन क्षमता के 02 नए डंपर मिले। नवनिर्मित स्टेट ऑफ आर्ट वर्कशॉप में 190 टन क्षमता तक के डंपर की मरम्मत के साथ शॉवेल की देखभाल की भी व्यवस्था है। अमलोरी क्षेत्र को एक नई ड्रैगलाइन के साथ क्षेत्र में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की टुकड़ी के लिए क्वार्टर्स की सौगात मिली। एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय को नई कैंटीन प्राप्त हुई है।