सोनभद्र। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल द्वारा दुद्धी एसडीएम केएस पांडेय की अगुवाई में गठित संयुक्त टीम ने मंगलवार को घंटों हाथीनाला थाना क्षेत्र के खोखा बालू साइड पर जांच पड़ताल की। टीम जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो ने मुख्यमंत्री से खोखा बालू साइड पर नियम विरुद्ध तरीके से अवैध खनन का आरोप लगाया था। शासन द्वारा इस बाबत मांगे गए रिपोर्ट के सापेक्ष जिलाधिकारी ने दुद्धी एसडीएम की अगुवाई में टीम गठित कर खोखा बालू साइड का जांच कराने का निर्देश दिया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी केएस पांडेय के नेतृत्व में उपप्रभागीय वनाधिकारी पिपरी मनमोहन मिश्रा, खान अधिकारी केके राय एवं वन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र कुमार श्रीवास्तव खोखा बालू साइड पर धमक पड़े। संयुक्त टीम जिस स्थल से खनन हो रहा था, उसका बाकायदा नापी कराने के बाद खनन स्थल की गहराई की भी मापी कराई। खान अधिकारी ने केके राय ने कहा कि विधायक बालू साइड की शिकायत शासन स्तर पर की थी। कहा कि जल्द ही रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध करा दी जाएगी।